BLO ड्यूटी के दबाव से त्रस्त शिक्षिका ने दिया इस्तीफा, निर्वाचन अधिकारी से पूछा—सामग्री अब किसे सौंपें

0
31

नोएडा। गेझा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका पिंकी सिंह ने BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) ड्यूटी से लगातार बढ़ते दबाव और जिम्मेदारियों से परेशान होकर अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया है। शिक्षिका ने निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर स्पष्ट पूछा है कि वह अब तक की निर्वाचन सामग्री और रिकॉर्ड किस अधिकारी या कर्मचारी को सौंपें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा न उत्पन्न हो।

जानकारी के अनुसार, पिंकी सिंह पहले ही 215 मतदाताओं का पूरा डेटा अपलोड कर चुकी थीं। इसके बावजूद SIR (स्पेशल समरी रिवीजन) के दौरान उन पर लगातार काम का अतिरिक्त बोझ बढ़ाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि उनकी ड्यूटी में निरंतर दबाव, बार-बार की फील्ड वेरिफिकेशन और उच्च स्तर से मिलने वाले निर्देशों के चलते उनका मानसिक तनाव बढ़ता गया।

इन्हीं परिस्थितियों से खिन्न होकर उन्होंने निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर स्पष्ट तौर पर कहा कि इस माहौल में आगे काम करना सम्भव नहीं है, इसलिए उन्हें BLO ड्यूटी से मुक्त किया जाए और उनके पास मौजूद निर्वाचन संबंधी सामग्री को आगे किसे सौंपना है, इसकी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जाए।

शिक्षकों पर इस प्रकार के अतिरिक्त दबाव का मुद्दा पहले भी उठता रहा है, और पिंकी सिंह का इस्तीफ़ा एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय शिक्षकों का कहना है कि पढ़ाई से हटकर लगातार दूसरी जिम्मेदारियां देने से शिक्षकों पर अनावश्यक भार पड़ रहा है।

प्रशासन ने मामले की पुष्टि तो की है, लेकिन आधिकारिक रूप से कोई प्रतिक्रिया अभी जारी नहीं की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here