विरोध करना पड़ा भारी, लात-घूसों से पिटाई, तीन के खिलाफ केस दर्ज

0
34

फर्रुखाबाद| बढ़पुर क्षेत्र में एक व्यक्ति को समाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए गलत व्यवहार का विरोध करना भारी पड़ गया। गली में बदतमीजी कर रहे युवक को रोकना 43 वर्षीय दीपू दुबे को इतना नागवार गुजरा कि कुछ ही देर बाद उन्हें लात-घूसों से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित को शुक्रवार रात जिला अस्पताल भिजवाकर मेडिकल परीक्षण भी कराया है।

घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दरीबा पश्चिम की है। कैलाश चंद्र के पुत्र दीपू दुबे (43) ने बताया कि शाम के समय मोहल्ले में आमिर खलीफा का पुत्र गली में खड़े होकर राहगीरों से बदतमीजी कर रहा था। स्थानीय शांति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए दीपू दुबे ने उसे समझाते हुए वहां से जाने के लिए कहा। युवक बिना विरोध किए वहां से चला गया, जिससे लगा कि मामला वहीं खत्म हो गया है।

लेकिन कुछ देर बाद स्थिति अचानक बदल गई। जब दीपू दुबे सब्जी लेने के लिए पास की दुकान पर पहुंचे, तभी आमिर खलीफा, दिलशाद खलीफा और उनके कुछ साथी वहां आ धमके। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर दीपू दुबे को लात-घूसों से बेरहमी से पीटा, जिससे वह वहीं घायल होकर गिर पड़े। मारपीट के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पूरी घटना को गंभीरता से लेते हुए देर रात लगभग 9:30 बजे जिला अस्पताल लोहिया में दीपू दुबे का चिकित्सा परीक्षण कराया। शहर कोतवाल राजीव पांडे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here