फर्रुखाबाद। ग्राम गनीपुर जोगपुर (परशुरामबाद पश्चिम) में एक ग्रामीण महिला की कृषि भूमि के बीच से जबरन चकरोड़ (आरसीसी मार्ग) डाले जाने के आरोप ने पूरे क्षेत्र में हलचल मचा दी है। पीड़िता संजू देवी पत्नी सतीश चन्द्र, निवासी—नगला हीरासिंह, मौजा गनीपुर जोगपुर, परशुरामबाद पश्चिम, तहसील कायमगंज, जिला फर्रुखाबाद, ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि नगर पंचायत नवाबगंज के अध्यक्ष अनिल राजपूत राजनीतिक रंजिश के चलते उनकी निजी जमीन को काटकर अवैध रूप से चकरोड़ निर्माण करवाने पर आमादा हैं।
पीड़िता के अनुसार, उनका खेत गाटा संख्या 1550, रकबा 0.138 हे० है, जो पहले से ही लगभग 8 डिसमिल कम निकला था। अंतिम भू-चित्र में भी उक्त स्थान पर रास्ता दर्ज नहीं है और न ही वर्तमान में वहां कोई मार्ग संचालित है। इसके बावजूद नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा खेत के बीच से पैमाइश कराकर आरसीसी चकरोड़ डलवाने की तैयारी कराई जा रही है।
संजू देवी ने आरोप लगाया कि खेत के बीच चकरोड़ बन जाने से उनकी कृषि भूमि दो हिस्सों में कट जाएगी, जिसकी वजह से खेत की जोताई-बुवाई असंभव हो जाएगी और उन्हें अपूरणीय आर्थिक नुकसान होगा। पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनकी बात अनसुनी कर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद के न्यायालय में राजस्व संहिता धारा 3(2) के तहत अंतिम भू-चित्र दुरुस्ती का वाद दायर करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। उन्होंने न्यायालय से मांग की है कि नगर पंचायत अध्यक्ष को उनके खेत पर किसी भी प्रकार के अवैध चकरोड़ कार्य से तत्काल रोका जाए।
पीड़िता की ओर से मुकदमे की पैरवी कर रहे अधिवक्ता रवि शाक्य ने कहा कि हम किसी भी हाल में पीड़िता के अधिकारों का हनन नहीं होने देंगे। न्यायालय से न्याय दिलाकर ही रहेंगे।





