फर्रुखाबाद| शमशाबाद क्षेत्र में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का सफल आयोजन किया गया। विकास खंड शमशाबाद के अंतर्गत विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित इस स्वास्थ्य मेला कैंप में बीमारियों से पीड़ित मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। मेले में कुल 119 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें चिकित्सकीय सलाह के साथ आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
मेले में आए मरीजों में खांसी, जुकाम, बुखार के अलावा दाद, खाज और खुजली जैसी त्वचा संबंधी समस्याएं अधिक देखी गईं। कुछ मरीजों में तेज बुखार के गंभीर लक्षण पाए गए, जिन्हें तत्काल चिकित्सकीय देखरेख व आगे के उपचार के निर्देश दिए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजबाग में चिकित्सक विपिन कुमार की देखरेख में स्वास्थ्य मेला आयोजित हुआ, जहां कुल 59 मरीजों की जांच की गई। फार्मासिस्ट वीरेंद्र राजपूत ने मरीजों को जीवन रक्षक दवाइयां वितरित कीं। लैब टेक्नीशियन अलका ने 13 मरीजों की शुगर जांच की। वहीं, एएनएम संगीता वर्मा ने महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण और परिवार नियोजन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। चिकित्सक विपिन कुमार ने बदलते मौसम में साफ-सफाई और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिलसरा में चिकित्सक नवनीत गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। यहां कुल 60 मरीजों की जांच की गई, जिनमें अधिकतर खांसी, जुकाम और बुखार से ग्रस्त थे। फार्मासिस्ट नरेंद्र राजपूत ने मरीजों को आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। लैब टेक्नीशियन लोकेंद्र कुमार ने 15 मरीजों की शुगर जांच की, जबकि एएनएम अंजू शर्मा ने महिला मरीजों को स्वास्थ्य व परिवार नियोजन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
स्वास्थ्य मेले के सफल आयोजन से क्षेत्र के ग्रामीणों को घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने का लाभ हुआ। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने की मांग की।





