इंडोनेशिया को ब्रह्मोस मिसाइल बेचने का समझौता जल्द
लखनऊ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आतंकियों और सैन्य ठिकानों को ध्वस्त करने वाली ब्रह्मोस मिसाइल आज दुनियाभर की पसंद बन चुकी है। लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल ने न सिर्फ भारत की रक्षा क्षमता को मजबूत किया है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी धाक जमाई है। रक्षामंत्री ने बताया कि इंडोनेशिया ने भी ब्रह्मोस खरीदने में गहरी दिलचस्पी दिखाई है और जल्द ही भारत व इंडोनेशिया के बीच इसका समझौता होने वाला है। दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को लखनऊ पहुंचे राजनाथ सिंह जन संवाद कार्यक्रम में लोगों से रूबरू हो रहे थे।
इस दौरान उनसे दिल्ली विस्फोट में पाकिस्तानी आतंकियों की भूमिका को लेकर सवाल किया गया कि क्या भारत इसे ‘एक्ट ऑफ वार’ मानते हुए पाकिस्तान पर कार्रवाई करेगा? इस पर रक्षामंत्री ने कहा कि जांच एजेंसियां मामले की पूरी जांच कर रही हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का मस्तक कभी झुकने नहीं दिया जाएगा और देश की सुरक्षा सर्वोपरि है।
राजनाथ सिंह ने बताया कि जिस ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान करिश्मा किया था, वह अब लखनऊ की धरती पर बन रही है, जो पूरे यूपी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया के रक्षामंत्री भारत आ रहे हैं और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग तेजी से बढ़ रहा है। कुछ समय पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्मोस मिसाइल की पहली खेप रवाना करते हुए कहा था कि भारत अपने मित्र देशों की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस उपलब्ध कराएगा।
कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में रक्षामंत्री ने बिहार और यूपी की राजनीति पर भी बात की। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की जीत साधारण नहीं है, जनता ने देखा कि नितीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बिना भ्रष्टाचार के काम कर रही है। इसी भरोसे के साथ जनता ने फिर से एनडीए को सत्ता सौंपी। उन्होंने दावा किया कि यूपी में भी 2027 में इसी तरह की बंपर जीत दोहराई जाएगी।
रक्षामंत्री ने कहा कि भाजपा की राजनीति जाति, पंथ और धर्म पर नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा, गौरव, संस्कृति और विकास पर आधारित है। पिछली सरकारों में जनता के लिए भेजी गई आर्थिक सहायता भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी, लेकिन प्रधानमंत्री जन धन योजना से देश में हर जरूरतमंद का खाता खुलवाया गया और आज शत-प्रतिशत लाभ सीधे खाते में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि यूपीआइ ट्रांजेक्शन में भारत विश्व में सबसे आगे है और डिजिटल भुगतान ने भ्रष्टाचार को कम करने में बड़ी भूमिका निभाई है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था 2028 तक अमेरिका और चीन के बाद दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रही है। यही ‘नया भारत’ है, जिसमें दुनिया विश्वास कर रही है और जिसके रक्षा तंत्र में ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें नई शक्ति जोड़ रही हैं।






