सीआरपीएफ अफसरों के फर्जी दस्तावेज़ इस्तेमाल करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ| पुलिस ने खुद को डूडा अधिकारी बताकर फ्लैट दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले दो ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर खुलासा हुआ है कि वे पहचान छिपाने के लिए सीआरपीएफ दारोगा और इंस्पेक्टर के फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे। कई लोगों से पैसा लेने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है।
पारा इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि 21 मार्च को न्यू कांशीराम कॉलोनी, हंसखेड़ा निवासी चांदनी सोनकर ने पारा थाने में तहरीर देकर विनोद सोनकर, सुषमा सोनकर, जयप्रकाश उपाध्याय और केडी शर्मा पर सरकारी योजना में मकान दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया था। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और इनके नेटवर्क तथा अन्य पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फर्जी पहचान और सरकारी विभाग का हवाला देकर लोगों को ठगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





