छात्रवृत्ति घोटाले में ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई, मदरसा प्रबंधक और कोषाध्यक्ष गिरफ्तार

0
23

कानपुर| हाथरस जिले के बहुचर्चित प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति घोटाले में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) कानपुर सेक्टर की टीम ने 13 नवंबर को मदरसा मोहम्मद साहब इस्लामिया फोकनिया, सिकंदराराऊ के प्रबंधक धर्मवीर सिंह निवासी सलेमपुर और कोषाध्यक्ष सर्वेश पचौरी निवासी विनोबा नगर सादाबाद को गिरफ्तार कर लिया। उन पर वित्तीय वर्ष 2011-12 और 2012-13 में अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए निर्धारित 1.65 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि के गबन का आरोप है। वर्ष 2011-12 से 2012-13 के बीच जिले में कुल 29.92 करोड़ रुपये के प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति घोटाले का खुलासा हुआ था, जिसमें 62 शिक्षण संस्थानों और मदरसों के नाम सामने आए थे। मामले में थाना मुरसान में मुकदमा दर्ज हुआ था और इसकी विवेचना ईओडब्ल्यू कानपुर सेक्टर कर रही है। ईओडब्ल्यू निरीक्षक धनंजय सिंह के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पद पर रहते हुए अन्य सह-अभियुक्तों के साथ मिलीभगत कर धनराशि का गबन किया है। उनकी निशानदेही पर फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और इन्हें ईओडब्ल्यू मेरठ न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस घोटाले में अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जिनमें 30 जुलाई को एटा से श्रीकृष्णा पीजी कॉलेज के प्रबंधक राजेश कुमार उर्फ राजीव गुप्ता की गिरफ्तारी, चंदपा क्षेत्र के अर्जुनपुर निवासी पवन कुमार उर्फ बंटी की गिरफ्तारी शामिल है, जिस पर बाबा जाहरवीर मदरसा अर्जुनपुर भटेला में 33.48 लाख रुपये और शिवचरन इंटर कॉलेज अर्जुनपुर में आठ लाख रुपये की राशि गबन करने का आरोप था। इसी प्रकरण में मुरलीधर गजानंद पॉलिटेक्निक कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य नसीरुद्दीन भी 433 छात्र-छात्राओं के लिए जारी 29.25 लाख रुपये की छात्रवृत्ति के गबन के आरोप में पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here