29 C
Lucknow
Saturday, May 30, 2026

नोंक झोंक के बाद विकास कॉलोनी में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

Must read

यूथ इंडिया संवाददाता
फर्रुखाबाद। आवास विकास कॉलोनी में शुक्रवार को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिसमें दुकानदारों और अस्पताल संचालकों ने प्रशासन की टीम के साथ नोक-झोंक की। इस दौरान कई दुकानदारों ने खुद ही अपना अतिक्रमण हटाने की बात कही, जबकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था कि पहले भी चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इस कारण मजबूर होकर यह अभियान चलाना पड़ा।
अधिकारियों ने बताया कि लोहिया अस्पताल के आसपास बढ़ते ट्रैफिक और लगातार जाम की स्थिति से एंबुलेंस को भी निकालने में मुश्किल होती है। फुटपाथों पर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे आने-जाने वालों को परेशानी होती है। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके दुकानें और अस्पताल बोर्ड लगाए गए थे, जिन्हें हटाने के लिए यह अभियान चलाया गया।
नायब तहसीलदार हर्षित कुमार, नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी विनोद कुमार, कर निर्धारण अधिकारी जगजीवन राम, प्रवेंद्र कुमार और दरोगा आदित्य पांडेय ने पुलिस बल के साथ अभियान शुरू किया। डॉक्टर राम मनोहर लोहिया की मूर्ति के पास से अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी और ट्रैक्टर का प्रयोग किया गया। लोहिया अस्पताल के गेट तक का अतिक्रमण हटाकर फुटपाथ को साफ किया गया।
अभियान के दौरान गंगा हॉस्पिटल के संचालक और नायब तहसीलदार हर्षित कुमार के बीच अस्पताल का बोर्ड हटाने को लेकर विवाद हो गया। संचालक ने खुद बोर्ड हटाने की बात कही, लेकिन नायब तहसीलदार ने बोर्ड हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। दोनों के बीच बहस के बाद अंतत: बोर्ड हटा दिया गया।
दोपहर से चले इस अभियान के बाद आवास विकास कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति बन गई। कई दुकानदार सरकारी टीम से भिड़ते नजर आए, लेकिन प्रशासन ने सख्ती से अतिक्रमण हटाने का काम जारी रखा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article