लखनऊ। दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्थिति की समीक्षा के बाद प्रदेश भर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही सभी जिलों में सघन चेकिंग, गश्त और निगरानी अभियान शुरू कर दिया गया है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने आदेश जारी कर सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे स्वयं फील्ड में मौजूद रहें और संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार भ्रमण, निरीक्षण और पेट्रोलिंग करें। धार्मिक स्थलों, बाजारों, सार्वजनिक आयोजनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और मॉल जैसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
राजधानी लखनऊ सहित वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज, कानपुर और गोरखपुर जैसे प्रमुख शहरों में सुरक्षा घेरा और कड़ा किया गया है। राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को चौकन्ना कर दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के बाद प्रदेश के सभी मेट्रो स्टेशन, सिनेमा हॉल, मॉल और सार्वजनिक परिवहन केंद्रों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और जांच के लिए सीसीटीवी कैमरों की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफार्मों की भी निगरानी बढ़ा दी गई है। किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना के प्रसार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय खुफिया इकाइयों और नागरिक सूचना नेटवर्क को सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जा रही है।
प्रदेशभर में यूपी 112 की पीआरवी गाड़ियां लगातार राउंड कर रही हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या यूपी 112 पर दें। प्रशासन ने साफ किया है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




