वंदे भारत ट्रेन का किराया घटाने पर विचार — पीएमओ के हस्तक्षेप से बढ़ी उम्मीद, स्लीपर बोगी जोड़ने की भी संभावना

0
194

फर्रुखाबाद। आम यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आ रही है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने रेल मंत्रालय को वंदे भारत ट्रेन का किराया कम करने पर विचार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस हाई-स्पीड ट्रेन में एक स्लीपर बोगी जोड़ने की संभावना भी प्रबल हो गई है।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब यात्रियों के बीच लगातार यह मांग उठ रही थी कि वंदे भारत ट्रेन का किराया अत्यधिक होने के कारण इसका लाभ आम नागरिकों तक नहीं पहुंच पा रहा।
यह पहल आलू विकास एवं विपणन संघ के निदेशक और उत्तर रेलवे यात्री परामर्शदात्री समिति के सदस्य अशोक कटियार की चिट्ठी के बाद शुरू हुई है।
अशोक कटियार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भेजकर वंदे भारत ट्रेन का किराया कम करने और वरिष्ठ नागरिकों, मरीजों तथा महिलाओं की सुविधा के लिए स्लीपर बोगी जोड़ने की मांग की थी।
उन्होंने लिखा कि —
> “सामान्य एक्सप्रेस ट्रेनें यात्रियों से खचाखच भरी चलती हैं, जबकि वंदे भारत की अधिकांश सीटें किराया अधिक होने के कारण खाली रह जाती हैं। इसलिए किराया कम करना और स्लीपर बोगी जोड़ना लोकहित में आवश्यक है।”
अशोक कटियार के इस सुझाव पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लेते हुए रेल मंत्रालय को आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा है।
सूत्रों के अनुसार, अब रेल मंत्रालय किराया संरचना की समीक्षा कर रहा है और स्लीपर कोच जोड़ने की संभावना पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
यूथ इंडिया से बातचीत में अशोक कटियार ने कहा कि —
> “प्रधानमंत्री कार्यालय का हस्तक्षेप होना देश के आम यात्रियों के लिए बड़ी राहत की शुरुआत है। हमें विश्वास है कि जल्द ही वंदे भारत का किराया आम आदमी की पहुंच में होगा और स्लीपर बोगी जोड़ने से यह ट्रेन वास्तव में ‘जन ट्रेन’ बन जाएगी।”
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह प्रस्ताव लागू होता है तो वंदे भारत ट्रेन का दायरा और लोकप्रियता दोनों बढ़ जाएंगे। कम किराए से आम नागरिकों, छात्रों, बुजुर्गों और मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, वहीं स्लीपर बोगी जुड़ने से लंबी दूरी के यात्रियों को आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here