अस्थमा और बुखार ने ली तीन की जान, बढ़ रहे मरीजों से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

0
49

मैनपुरी। दिवाली के बाद जिले में अस्थमा और बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। सांस लेने में दिक्कत और तेज बुखार लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। बीते 24 घंटे के भीतर जिला अस्पताल में दो मरीजों की मौत सांस की तकलीफ से हो गई, जबकि एक महिला की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई। पांच गंभीर मरीजों को हालत बिगड़ने पर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

सोमवार को महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। डॉक्टरों ने 1249 मरीजों का उपचार किया, जिनमें 43 मरीजों को गंभीर हालत के कारण भर्ती करना पड़ा। शहर के मोहल्ला ककरइया निवासी सीमा देवी (46) पत्नी अशोक को बीते कई दिनों से बुखार था। निजी डॉक्टर के यहां इलाज चल रहा था, लेकिन सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके अलावा मोहल्ला रघुराजपुरी निवासी रामनरेश (76) को रविवार शाम सांस लेने में तकलीफ के चलते भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। वहीं, गांव अंजनी निवासी कम्मोद सिंह (85) की भी रविवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई।

सीएमएस डॉ. संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि महिला को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि दोनों पुरुष मरीजों की हालत गंभीर थी। उन्हें हर संभव इलाज दिया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।

स्वास्थ्य विभाग ने माना कि दिवाली के बाद मौसम में बदलाव और प्रदूषण बढ़ने से अस्थमा व निमोनिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों ने सांस की तकलीफ या बुखार के लक्षण दिखने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here