प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्पूरी ठाकुर को दी श्रद्धांजलि

0
46

बिहार में चुनावी प्रचार का शंखनाद, नीतीश कुमार भी रहे मौजूद

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी प्रचार ने रफ्तार पकड़ ली है। राष्ट्रीय जनता दल, जनता दल (यूनाइटेड), भारतीय जनता पार्टी और जनसुराज जैसे प्रमुख दलों के दिग्गज नेता मैदान में उतर चुके हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार के समस्तीपुर में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित कर अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कर्पूरी ठाकुर के परिजनों से भी भेंट की और उनके जीवन से जुड़ी तस्वीरों को देखा। कार्यक्रम के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का जीवन समर्पण, सादगी और समाजसेवा की मिसाल रहा है।

आज बिहार में प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की दो-दो जनसभाएं निर्धारित हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी बिहार के दौरे पर हैं और हाजीपुर में जनसभा करेंगे।

इस बीच महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार और मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। इसे लेकर बिहार की सियासत में बयानबाज़ी तेज हो गई है। बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि महागठबंधन में अंदरूनी कलह है और कांग्रेस बड़ी भूमिका में आने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।

वहीं, कांग्रेस नेता उदित राज ने पलटवार करते हुए कहा कि जब एनडीए यह सवाल उठा रही थी कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे या नहीं, तो महागठबंधन ने जवाब दे दिया है। अब भाजपा और जदयू को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाएंगे या नहीं। उदित राज ने तंज कसते हुए कहा कि “नीतीश कुमार बिहार के एकनाथ शिंदे बन गए हैं, उनके साथ विश्वासघात हुआ है।”

बिहार की राजनीति में अब प्रचार अभियान ने पूरी रफ्तार पकड़ ली है और सभी दल मतदाताओं को लुभाने में जुट गए हैं। आने वाले दिनों में प्रदेश का सियासी माहौल और गर्म होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here