अयोध्या: राम की नगरी *अयोध्या* दीपोत्सव 2025 के अवसर पर *29 लाख दीयों* से जगमगाई। राम की पैड़ी का हर घाट और मोड़ रौशनी से दमक उठा। इस भव्य आयोजन में पूरे विश्व ने अयोध्या का ऐसा आकर्षक दृश्य देखा, जो उनकी यादों में हमेशा अंकित रहेगा। दीपोत्सव के दौरान *दो वर्ल्ड रिकॉर्ड* बनाए गए, जिनमें पहला रिकॉर्ड 56 घाटों पर *26.11 लाख दीयों* के प्रज्ज्वलन का रहा।
ड्रोन कैमरों से दीपों की गणना करने के बाद *गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड* की टीम ने नए कीर्तिमान की घोषणा की। यह लगातार नौवीं बार अयोध्या में विश्व रिकॉर्ड कायम हुआ। इस अवसर पर *सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रभारी मंत्री **सूर्य प्रताप शाही* और अन्य भाजपा मंत्री व पदाधिकारी मौजूद रहे। राम की पैड़ी पर रंगारंग प्रस्तुतियों ने इस दृश्य को और भी भव्य बना दिया।
दूसरा रिकॉर्ड सरयू आरती का रहा, जिसमें *2100 वेदाचार्यों* ने एक साथ भाग लिया। यह रिकॉर्ड योगी सरकार द्वारा दूसरी बार हासिल किया गया। दीपोत्सव के बाद भव्य *आतिशबाजी और ड्रोन शो* ने दर्शकों का मन मोह लिया। देश भर से बड़ी संख्या में लोग इस अवसर को देखने अयोध्या पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के दौरान *रामलला के दरबार में दीप प्रज्ज्वलित किया* और *सरयू की महाआरती* में हिस्सा लिया। इसके साथ ही उन्होंने रामलला का स्वागत किया और *लक्ष्मण व सीता सहित उनका राजतिलक* किया। राम दरबार में दीप प्रज्ज्वलन होते ही पूरा नगर 29 लाख दीयों की चमक से रोशन हो गया।
- सीएम योगी ने इस अवसर पर कहा, “राम मंदिर निर्माण के बाद अब अयोध्या विकास और विरासत का प्रतीक बन चुकी है। राम मंदिर हमारी आस्था के 500 साल के संघर्षों का प्रतीक है। अयोध्या अब देश के लिए सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का केंद्र बन चुकी है।”





