चंडीगढ़। एडीजीपी वाई पूरण कुमार की संदिग्ध मौत के मामले ने हरियाणा की राजनीति में भूचाल ला दिया है। सोमवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने सीएम आवास की घेराबंदी की कोशिश कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को चंडीगढ़ पहुंचे और उन्होंने मृतक एडीजीपी पूरण कुमार के परिवार से करीब 50 मिनट तक मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और कहा कि यह सिर्फ एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि दलितों के साथ हो रहे अन्याय का प्रतीक है। राहुल गांधी ने कहा कि दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि दोनों मृतक अधिकारी की बेटियों से किए गए वादे पूरे करें। राहुल ने कहा कि सरकार तमाशा बंद करे और जो भरोसा परिवार को दिया गया था, उस पर कार्रवाई करे।
राहुल गांधी के साथ हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद रहे। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार के घर जाकर परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि कांग्रेस इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ है।
इस बीच हरियाणा सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए डीजीपी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया और आईपीएस ओमप्रकाश सिंह को नया कार्यकारी डीजीपी नियुक्त किया। बताया जाता है कि ओमप्रकाश सिंह दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के जीजा हैं।
वाई पूरण कुमार की मौत के विरोध में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। राज्य प्रधान नरेश शास्त्री ने बताया कि एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आगे की आंदोलन रणनीति तय करेगा।
आईपीएस अधिकारी की मौत के बाद बढ़ते विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने प्रदेशभर में अलर्ट जारी कर दिया है। मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से सभी डीसी, एसपी, आईजीपी और पुलिस आयुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि कानून-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी उकसाने वाली गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को अपना दिल्ली और नूंह दौरा रद्द कर दिया है। वहीं, 17 अक्तूबर को सोनीपत में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली भी फिलहाल स्थगित कर दी गई है। परिजन अब भी डीजीपी शत्रुजीत कपूर और पूर्व एसपी नरेंद्र बिजारणिया की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। वाई पूरण कुमार की आत्महत्या के आठ दिन बीत जाने के बावजूद पोस्टमार्टम को लेकर सहमति नहीं बन पाई है और मामला लगातार संवेदनशील होता जा रहा है।





