फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय के बाहर प्राइवेट एंबुलेंस चालकों का दबदबा लंबे समय से बना हुआ है। अस्पताल परिसर के मुख्य द्वार पर इन चालकों ने मानो पूरी तरह से कब्ज़ा जमा लिया है। जानकारी के अनुसार ये चालक गरीब और असहाय मरीजों से मनमानी रकम वसूल कर उन्हें ले जाने का कार्य कर रहे थे। एंबुलेंस किराए के नाम पर मरीजों के परिजनों से कई गुना अधिक धन वसूला जा रहा था।
इस अनियमितता और मनमानी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने अपनी टीम के साथ शनिवार को अस्पताल परिसर के बाहर अभियान चलाया। अभियान के दौरान कई प्राइवेट एंबुलेंस की जांच की गई। जिन वाहनों के पास आवश्यक दस्तावेज़ नहीं थे या जो नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, उनके चालान काटे गए।
अचानक हुई इस पुलिस कार्रवाई से कई एंबुलेंस चालक घबराकर अपनी गाड़ियाँ लेकर मौके से फरार हो गए। वहीं कुछ चालकों ने अपने बचाव में यह कहकर सफाई दी कि वे मरीजों की सुविधा के लिए वहां खड़े रहते हैं।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बिना अनुमति और निर्धारित दरों से अधिक पैसे वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल के बाहर अवैध रूप से खड़ी एंबुलेंस और दलालों पर आगे भी अभियान जारी रहेगा ताकि मरीजों को लूटखसोट से राहत मिल सके।





