देवबंद में तालिबान विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी की आगवानी के लिए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

0
59

दारुल उलूम में महिला पत्रकारों पर पर्दे की पाबंदी, प्रशासन ने कवरेज सीमित किया

देवबंद (सहारनपुर)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आज सुबह से सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं, क्योंकि तालिबान सरकार के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी दारुल उलूम देवबंद पहुंचने वाले हैं। यह उनके भारत में पहले सार्वजनिक आगमन के रूप में देखा जा रहा है और इसे लेकर स्थानीय प्रशासन से लेकर केंद्र तक सतर्कता बरती जा रही है।
दारुल उलूम प्रशासन ने कार्यक्रम को बेहद सीमित और नियंत्रित रखा है। मीडिया को सीमित संख्या में प्रवेश की अनुमति दी गई है। महिला पत्रकारों को मुख्य सभागार के सामने आने की अनुमति नहीं दी गई, उन्हें पर्दे के पीछे एक विशेष सेक्शन में बैठने को कहा गया है, जहां से वे केवल लाइव कवरेज या रिपोर्टिंग कर सकेंगी। यह वही नीति है जो मुत्तकी की दिल्ली प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनाई गई थी।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, मुत्तकी का दौरा धार्मिक और शैक्षिक चर्चा से जुड़ा बताया गया है, लेकिन सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा सार्वजनिक नहीं की गई है। शहर में पुलिस, ATS और खुफिया एजेंसियां चौकन्नी हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने भारत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तालिबान की कूटनीति और सामाजिक रवैये पर चर्चा फिर से तेज कर दी है। महिला पत्रकारों को लेकर तालिबान की नीतियों पर पहले से ही आलोचना हो चुकी है, और देवबंद में पाबंदी लागू होने पर कई मानवाधिकार संगठनों ने नाराजगी जताई है।
दारुल उलूम देवबंद में तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्य द्वार से लेकर सभागार तक सुरक्षा बल तैनात हैं, और मुत्तकी की एंट्री के समय पूरे क्षेत्र को अस्थायी रूप से सील करने की संभावना है। मीडिया कवरेज सीमित रहेगा और मुलाकात केवल संस्थान के वरिष्ठ मौलानाओं और शिक्षकों के बीच होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here