29 C
Lucknow
Saturday, October 17, 2026

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में रिजॉर्ट में भीषण आग, 10 लोगों की मौत, एक ही परिवार के 6 सदस्य शामिल

Must read

कॉक्स बाजार: बांग्लादेश (Bangladesh) के प्रमुख समुद्र तटीय पर्यटन स्थल कॉक्स बाजार (Cox Bazar) में शनिवार सुबह एक रिजॉर्ट में भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के छह सदस्य शामिल हैं। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि रिजॉर्ट में ठहरे अन्य लोगों की स्थिति को लेकर भी चिंता बनी हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने के समय इमारत में करीब 30 लोग मौजूद थे।

यह हादसा शनिवार सुबह करीब 7:25 बजे कोलातोली इलाके के बाहरी हिस्से में स्थित टुपटुप रेस्टो एंड रिजॉर्ट में हुआ। बांस और लकड़ी से बनी तीन मंजिला इमारत आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद केवल चार से पांच लोग ही बाहर निकलने में कामयाब हो सके। अन्य लोगों के बारे में तत्काल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई। राहत और बचाव कार्य के दौरान मृतकों की पहचान की गई।

बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम आलो के मुताबिक, अधिकारियों को आशंका है कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। इसके बाद आग एयर कंडीशनर तक पहुंची और गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से लपटें तेजी से पूरी इमारत में फैल गईं। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

रिपोर्ट के अनुसार, अशिकुल इस्लाम अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने रिजॉर्ट पहुंचे थे। आग लगने पर उन्होंने दूसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन उनकी पत्नी इसरत जहां मलिहा समेत परिवार के पांच अन्य सदस्यों की मौत हो गई। अस्पताल अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में 30 वर्षीय इसरत जहां मलिहा, 23 वर्षीय मिलिता मेहेजाबीन अल्वी, 27 वर्षीय लैला जहां नाबिला, 27 वर्षीय नफिस्ता मीम, 33 वर्षीय फरिहा कबीर और पांच वर्षीय फैजान अहमद शामिल हैं।

हादसे के बाद रिजॉर्ट की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया गया है कि परिसर के पास अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक मंजूरी नहीं थी। अधिकारियों ने जून में निरीक्षण के दौरान इस संबंध में चेतावनी भी दी थी।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article