कुपवाड़ा। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास शनिवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। अधिकारियों के मुताबिक, इस मुठभेड़ में अब तक दो आतंकी मारे गए हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आतंकियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सेना के अनुसार, कुपवाड़ा के केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। इसके बाद जवानों ने इलाके में कार्रवाई शुरू की, जिसके दौरान आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। शुरुआती तौर पर घटना को घुसपैठ की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा था, हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि आतंकी सीमा पार से घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे या नहीं।
फिलहाल केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षाबल आसपास के क्षेत्रों में तलाशी लेकर किसी अन्य आतंकी की मौजूदगी का पता लगाने में जुटे हैं। अभियान पूरा होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।


