लखनऊ। 16 अक्टूबर। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में सुल्तानपुर रोड स्थित खुदई बाजार में एक ट्रक अनियंत्रित होकर मकान में घुस गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में ट्रक चालक केबिन में फंस गया, जिसे बचाव दल ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, ट्रक कानपुर से बाराबंकी की ओर जा रहा था। इसी दौरान खुदई बाजार के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन मकान के हिस्से तक पहुंच गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
ट्रक के केबिन में चालक के फंसने की सूचना मिलने पर बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद चालक को बाहर निकाला गया। हादसे में मकान को कितना नुकसान हुआ और चालक की हालत कैसी है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। दुर्घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।


