– राष्ट्रीय महासचिव उमेश पटेल ने दिए निर्देश, प्रतिमाओं की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर रहेगा विशेष जोर
– जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय संगठन उपलब्ध कराएगा आर्थिक सहयोग
– 2027 के विधानसभा चुनाव में कुर्मी समाज की भागीदारी पर भी हुई चर्चा
कानपुर। अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा की ओर से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए राष्ट्रीय महासचिव उमेश पटेल ने संगठन के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। जयंती समारोह के मद्देनजर सरदार पटेल की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है।
महासभा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष पटेल कैलाश उमराव ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव उमेश पटेल ने टेलीफोन पर निर्देश देते हुए कहा है कि प्रदेश के सभी जिलों में जयंती समारोह की तैयारियां समय से पूरी की जाएं। यदि किसी जिले में आर्थिक संसाधनों की कमी होती है, तो राष्ट्रीय संगठन की ओर से आवश्यक आर्थिक सहायता और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
पटेल कैलाश उमराव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का प्रेरणास्रोत है। उनकी जयंती पर गरिमापूर्ण आयोजन करना और उनकी प्रतिमाओं का सम्मानजनक रखरखाव सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर तैयारियां पूरी करने और सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव उमेश पटेल के निर्देशों की जानकारी उत्तर प्रदेश महासचिव योगेन्द्र सचान के लखनऊ स्थित आवास पर रविवार को हुई बैठक के दौरान दी गई। बैठक में सामाजिक मुद्दों के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में कुर्मी समाज की भागीदारी को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष पटेल कैलाश उमराव, कानपुर इकाई के संरक्षक सुरेश सचान, मंडल महासचिव रामराज पटेल, जिला महासचिव पावेन्द्र कटियार एडवोकेट, युवा अध्यक्ष मोहित सचान, इंजीनियर गौरव सचान और अश्विनी कुमार एडवोकेट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


