कमालगंज, फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षामंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर आज कस्बा कमालगंज में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कमालगंज थाने के पास मुख्य मार्ग पर किया गया था। इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सपा नेता सिराजुल अफाक मुन्ना रहे, जबकि आयोजन में भोजपुर विधानसभा के समस्त समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। कार्यक्रम स्थल पर लगे बैनर पर “स्व० श्री मुलायम सिंह यादव जी की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा” अंकित था।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से भोजपुर विधानसभा से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती उर्मिला राजपूत, वरिष्ठ नेता मुन्ना राजा, चंद्रपाल सिंह यादव, श्याम लाल पाल, सौरभ कटियार सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे। सभी ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि मुलायम सिंह यादव केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि गरीबों, किसानों, नौजवानों और पिछड़ों के मसीहा थे। धरतीपुत्र के नाम से मशहूर नेताजी ने हमेशा सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी।
इस अवसर पर आयोजकों द्वारा भंडारे का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ठीक-ठाक भीड़ रही और लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
वहीं, कार्यक्रम स्थल थाना परिसर के बिल्कुल पास मैन रोड पर होने और भंडारा रोड पर ही चलने के कारण दिनभर आवागमन प्रभावित रहा। मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस द्वारा जाम खुलवाने के प्रयास किए जाते रहे।


