लखनऊ के बंथरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह नदी में कूद गया था 22 वर्षीय युवक, एसडीआरएफ की तीन टीमों ने की तलाश
लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में सई नदी में कूदे 22 वर्षीय आश्रय शुक्ला उर्फ कल्लू का शव शनिवार दोपहर बरामद कर लिया गया। शुक्रवार से उसकी तलाश में जुटी एसडीआरएफ की तीन टीमों ने कई घंटे तक नदी में अभियान चलाया। शनिवार को घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर युवक का शव नदी के पानी में खेतों की सुरक्षा के लिए लगाई गई तारों की बाड़ में फंसा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, आश्रय शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे सई नदी के पुल से नीचे कूद गया था। उसे नदी में गिरते और डूबते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और इसकी सूचना उसके परिवार को दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। गांव के लोग भी नदी किनारे जुट गए और युवक की तलाश शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने आश्रय को खोजने के लिए नदी में उतरकर प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद तलाश अभियान में एसडीआरएफ की तीन टीमों को लगाया गया। टीमों ने शुक्रवार और शनिवार को कई घंटे तक नदी में खोजबीन की। शनिवार दोपहर उसका शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर तारों की बाड़ में फंसा मिला।
आश्रय शुक्ला लतीफ नगर गांव की ग्राम प्रधान मालती शुक्ला का पोता था। परिजनों के मुताबिक, वह मानसिक रूप से कमजोर था। युवक का शव मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सई नदी में मिला लापता युवक आश्रय शुक्ला का शव, दो दिन तक चला तलाशी अभियान


