फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद (Faridabad) जिले के तिलपत गांव में वीरवार रात करीब 8 बजे गृह प्रवेश के कार्यक्रम के दौरान 25 वर्षीय बाउंसर वली मोहम्मद की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या (murdered) कर दी गई। विवाद पड़ोसी युवक द्वारा बाइक से टक्कर मारने के बाद शुरू हुआ था, जिसमें बीच-बचाव करने गए वली मोहम्मद पर आरोपियों ने हमला कर दिया। पल्ला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
तिलपत निवासी मामा ताहिर के मुताबिक, वीरवार रात उनके नए घर में कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी युवक ने ताहिर के भतीजे को अपनी बाइक से टक्कर मार दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। झगड़ा बढ़ता देख ताहिर का भांजा वली मोहम्मद बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
मृतक के मामा ताहिर ने बताया कि उनका भांजा वली मोहम्मद 4 साल बाद उनके घर आया था। आरोप है कि आरोपी साहिल ने लोहे की रॉड से वली मोहम्मद के सिर पर लगातार कई वार किए। गंभीर रूप से घायल वली को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, हमले में घायल उसके भाई तैय्यब का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मूल रूप से नूंह जिले के गांव बीसरू का रहने वाला 25 वर्षीय वली मोहम्मद पेशे से बाउंसर था और शादीशुदा था, उसके दो छोटे बच्चे हैं. वली को कुश्ती का बेहद शौक था, वह खुद दंगलों में हिस्सा लेता था और अपने गांव में अखाड़ा चलाकर बच्चों को कुश्ती सिखाता था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।
पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


