30 C
Lucknow
Monday, October 5, 2026

सफाई योद्धाओं का सम्मान, विधायक ने दिया स्वच्छता का संदेश

Must read

मोहम्मदाबाद। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को खिमसेपुर नगर पंचायत कार्यालय परिसर में सफाई नायक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौड़ ने 78 सफाई योद्धाओं सहित नगर पंचायत में उत्कृष्ट सेवा करने वाले 38 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र, शॉल और उपहार देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर सफाईकर्मियों के चेहरे खिल उठे।

कार्यक्रम स्थल पर नेत्र परीक्षण और स्वास्थ्य जांच शिविर के स्टॉल भी लगाए गए। नेत्र परीक्षण अधिकारी डॉ. दयाल तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव यादव की टीम ने लोगों की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी।

इसके बाद आयोजित समरसता भोज में विधायक नागेंद्र सिंह राठौड़ और नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने सफाई मित्रों के साथ बैठकर खिचड़ी ग्रहण की। इस दौरान सभी ने सामाजिक समरसता और स्वच्छता का संदेश दिया।

विधायक नागेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि सफाई योद्धा देश और समाज की सच्ची सेवा कर रहे हैं। सभी को संकल्प लेना चाहिए कि न तो गंदगी करेंगे और न ही दूसरों को गंदगी करने देंगे। स्वच्छ वातावरण से बीमारियों का प्रसार कम होगा और लोगों को स्वास्थ्य के साथ आर्थिक लाभ भी मिलेगा।

इस मौके पर सभासद अवधेश सिंह, अरविंद सिंह, राकेश बाथम, अनुराग सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article