श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एआईएमआईएम प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा। श्रावस्ती में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और देश का मुसलमान किसी की निजी संपत्ति नहीं है।
ओवैसी ने कहा कि यदि सपा और उसके सहयोगी दल मुस्लिम समुदाय को अपनी राजनीतिक संपत्ति समझते हैं तो आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब मिलेगा। उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं से अपने वोट का इस्तेमाल सोच-समझकर करने की अपील भी की।
AIMIM प्रमुख ने भाजपा को उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से रोकने की बात कहते हुए सपा के साथ गठबंधन या समझौते की पेशकश भी की। उन्होंने कहा कि यदि प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया जाता है तो उनकी पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी।
ओवैसी ने सपा पर मुस्लिम समुदाय के मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि जहां अन्याय होगा, उनकी पार्टी आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि अन्याय को धर्म के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए।


