फिरोजाबाद। शिकोहाबाद क्षेत्र में रविवार को टायरों से तेल निकालने वाली एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटों के साथ उठे काले और जहरीले धुएं ने आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
आग इतनी भीषण थी कि दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें भी पहुंच गईं। आग के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटे हैं। अधिकारियों के मुताबिक आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।


