गांधी जयंती पर विद्यालयी बच्चे निकालेंगे जागरूकता रैली
लखनऊ। गांधी जयंती के अवसर पर बच्चों को बाल संरक्षण एवं पॉकसो एक्ट , 2012 के विधिक प्रावधानों और इसके तहत होने वाले कानूनी परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ की ओर से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।
अभियान के तहत 02 अक्टूबर को प्रातः 7:30 बजे विद्यालयी बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी को जनपद न्यायाधीश हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन पुराने उच्च न्यायालय परिसर, कैसरबाग, लखनऊ से किया जाएगा।
प्रभात फेरी के माध्यम से बच्चों और आमजन को बाल यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में उपलब्ध कानूनी संरक्षण की जानकारी दी जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ समाज में बाल संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का संदेश दिया जाएगा।


