– सांसद मुकेश राजपूत और भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौड़ ने माला पहनाकर, शॉल व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मान
मोहम्मदाबाद, farr। 157 घंटे सतत महासफाई अभियान के तहत नगर पंचायत मोहम्मदाबाद कार्यालय में सफाई कर्मचारियों और सफाई नायकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 46 सफाई नायकों एवं सफाई कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत और भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौड़ ने सुशीला, राजेंद्र, धर्मेंद्र, अजीत, गोविंद और रक्षपाल सहित सभी सफाई कर्मचारियों को माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र और मिठाई का पैकेट देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्हीं के प्रयासों से शहर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनी रहती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सफाई व्यवस्था में केवल कर्मचारियों पर निर्भर न रहें, बल्कि स्वयं भी सहयोग करें और अपने आसपास गंदगी न होने दें।
मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है।” उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर महासफाई अभियान की शुरुआत की गई। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सभी को उनका सम्मान करना चाहिए।
सांसद ने लोगों से संकल्प लेने की अपील की कि “न गंदगी करेंगे और न गंदगी करने देंगे।” उन्होंने कहा कि घर के आंगन से लेकर गली और आसपास के सार्वजनिक स्थानों तक स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामानंद, नगर पंचायत प्रतिनिधि डॉ. मोहित यादव, भाजपा जिला मंत्री शिवमोहन सिंह गौर, उत्तरी मंडल अध्यक्ष राम प्रकाश राठौर, राजेश बाथम, दिलीप चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


