30 C
Lucknow
Tuesday, September 29, 2026

दो दिन की भारी बारिश में टूटा संपर्क मार्ग, चार गांवों का आवागमन बाधित

Must read

कमालगंज संवाददाता।
लगातार दो दिन से हो रही घनघोर बारिश ने सबलपुर से अस्तल को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग को तोड़ दिया है। यह डामर रोड पहले से ही बेहद जर्जर स्थिति में था। ग्रामीणों के अनुसार वर्षों से इस सड़क का कोई रखरखाव और मरम्मत कार्य नहीं हुआ, जिसके चलते डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और केवल मोटी गिट्टियां शेष रह गई थीं।

इस जर्जर मार्ग की खबर यूथ इंडिया ने पहले भी प्रमुखता से प्रकाशित की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब दो दिन की लगातार बारिश ने रही-सही कसर भी पूरी कर दी।

यह मार्ग चार गांवों – भीम्मी नगला, महावीर नगला, रामनगर, अस्तल तथा गंगा पर स्थित मडियनघाट पुल को संयोगिता मार्ग से जोड़ने का मुख्य संपर्क मार्ग है। बरसात के कारण सड़क बीच से कट गई है, जिससे बड़े गड्ढे बन गए हैं।

स्थिति यह है कि छोटी-बड़ी सभी चार पहिया गाड़ियों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। फिलहाल केवल मोटरसाइकिल और साइकिल सवार ही किसी तरह जोखिम उठाकर निकल पा रहे हैं। सड़क पूरी तरह धंस गई है और ईंट-पत्थर बिखरे पड़े हैं।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि जनहित को देखते हुए इस संपर्क मार्ग की तत्काल मरम्मत कर आवागमन सुचारू किया जाए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article