29.8 C
Lucknow
Monday, September 28, 2026

योगी का अखिलेश पर पलटवार, टोटी चोर चोरी करते रहेंगे, पानी बहता रहेगा’ योगी बोले हर हफ्ते बांटेंगे नियुक्ति पत्र

Must read

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के कार्यक्रम में योगी ने कहा कि कुछ लोग सरकार की नियुक्तियों पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन सरकार लगातार युवाओं को रोजगार दे रही है। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने ‘टोटी चोरी’ के पुराने विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि गांवों में बीमारी के प्रमुख कारणों में गंदगी और साफ पानी की कमी शामिल रही है। स्वच्छता अभियान और हर घर नल योजना से स्थिति बदली है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि कोई टोटी चोरी करके ले जाता है तो प्लंबर उसे ठीक कर देता है, लेकिन ‘टोटी चोर टोटी चोरी करते रहेंगे और पानी बहता रहेगा।’

योगी ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल एक युवा को नौकरी मिलने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि उसके पूरे परिवार के लिए खुशी और भविष्य की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पहले योग्यता होने के बावजूद गरीब परिवारों के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाना आसान नहीं था। सरकार का दावा है कि मौजूदा व्यवस्था में बिना भेदभाव और पारदर्शी तरीके से भर्तियां की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने उत्तर प्रदेश को पिछड़ेपन और अव्यवस्था की ओर धकेला, वे अब नए रूप और नए नारों के साथ सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से जनता को सावधान रहने की जरूरत है। योगी ने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था, ग्रामीण सुविधाओं, बिजली, आवास और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बदलाव हुआ है।

कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी सपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी नौकरी की भर्ती निकलने पर पैसे के लेन-देन की शिकायतें सामने आती थीं, जबकि अब बिना पैसे के नियुक्तियां मिलने का दावा किया जा रहा है। राजभर ने कहा कि पंचायती राज विभाग को गांवों के विकास की प्रमुख धुरी बनाने का काम किया गया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में कुछ महिला अभ्यर्थी भावुक भी हो गईं। लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें अपने और बच्चे के भविष्य की चिंता थी, लेकिन नियुक्ति मिलने के बाद उनका भरोसा बढ़ा है। गोरखपुर की ब्यूटी शाही ने भी नौकरी मिलने पर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरने की उम्मीद जताई।

मुख्यमंत्री के मुताबिक पिछले दस दिनों में अलग-अलग विभागों में 6,672 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। 19 सितंबर को 818, 20 सितंबर को 912, 22 सितंबर को 3,567 और 28 सितंबर को 1,375 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र वितरण का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया लगातार चलती रहेगी।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने भी सरकार की भर्ती प्रक्रिया को लेकर दावा किया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में युवाओं को बिना घूस और सिफारिश के नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article