गाजियाबाद: गाजियाबाद (Ghaziabad) में सोमवार सुबह शहर के नवयुग मार्केट स्थित बाबा भीमराव अंबेडकर (Baba Bhimrao Ambedkar) पार्क में एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ की गई। असामाजिक तत्वों ने मूर्ति पर सब्जी फेंकी और मूर्ति को तोड़ने-क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया, जैसे ही इस घटना की जानकारी स्थानीय लोगों और समाज के लोगों को मिली, देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में लोग बाबा भीमराव अंबेडकर पार्क में जमा हो गए। पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल है। सूचना पर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया और स्थिति को संभाला, पार्क के चारों ओर पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक संजीव शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने समाज के लोगों को शांत कराते हुए कहा कि “जिसने भी बाबा साहेब की मूर्ति के साथ यह गलत कार्य किया है, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। विधायक संजीव शर्मा ने घोषणा की कि बाबा भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति को दोबारा से सम्मान के साथ सही कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्क में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। पार्क में जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे ताकि भविष्य में कोई भी असामाजिक तत्व ऐसी हरकत न कर सके।
विधायक ने एक और बड़ी बात कही कि इस बार बाबा साहेब की मूर्ति को शीशे के कवर से सुरक्षित किया जाएगा जिससे उसकी सुरक्षा बनी रहे। पुलिस प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिन लोगों ने यह कृत्य किया है उन्हें चिन्हित किया जा रहा है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर उनके ऊपर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना पर बसपा के पूर्व मंडल कोऑर्डिनेटर मेरठ मंडल, बलबीर सिंह ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि “ऐसे गलत कार्य समाज को सही दिशा नहीं देते हैं, इससे समाज में गलत संदेश जाता है। यह बाबा साहेब का अपमान है जिसे सर्व समाज कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
बलबीर सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी हो। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है तो सर्व समाज सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है लेकिन समाज में भारी रोष व्याप्त है, सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।


