– बधिर यात्रियों से बेहतर संवाद और सुरक्षित यात्रा के लिए फर्रुखाबाद बस स्टेशन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम
फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद बधिर कल्याण सोसायटी की ओर से सोमवार को फर्रुखाबाद बस स्टेशन पर एक दिवसीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग एवं बधिर यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ बस चालकों और परिचालकों को उनसे संवाद करने के लिए आवश्यक जानकारी देना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बस चालकों एवं परिचालकों को दिव्यांग यात्रियों के साथ मधुर एवं संवेदनशील व्यवहार, सांकेतिक भाषा के माध्यम से संवाद तथा उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि बधिर यात्रियों की जरूरतों को समझते हुए उनके साथ सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में फर्रुखाबाद बधिर कल्याण सोसायटी के कार्यकर्ता अध्यक्ष ऋषभ वर्मा, उपाध्यक्ष वेदराम, महासचिव पवन कुमार, संयुक्त सचिव आकाश सिंह, कोषाध्यक्ष अभिषेक कुमार, महिला सचिव सिमी राठौर सहित सदस्य सुमन कुमारी, रजनी माथुर, राजा यादव, गौरव, राहुल कुमार, लक्ष्मी शर्मा, अब्दुल रज्जाक, लाखन सिंह, शोभित यादव और शिव कुमार मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सोसायटी के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इस दौरान फर्रुखाबाद डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार एवं केंद्र प्रभारी रामखिलावन ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की और प्रशिक्षण कार्यक्रम को अपना सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में दिव्यांग यात्रियों के लिए केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि चालक और परिचालक का व्यवहार एवं संवाद का तरीका भी संवेदनशील होना चाहिए। सांकेतिक भाषा का प्राथमिक ज्ञान होने से बधिर यात्रियों की समस्याओं को समझने और उनकी सहायता करने में कर्मचारियों को मदद मिलेगी।
सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से दिव्यांग यात्रियों और परिवहन कर्मचारियों के बीच संवाद की दूरी कम होगी तथा सुरक्षित एवं सम्मानजनक यात्रा का वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।


