नई दिल्ली: दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा (Pravesh Verma) का युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो को आम आदमी पार्टी यानी आप (AAP) ने भी सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया है। जिसमें दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा एक लड़के को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। इसके बाद लड़का भी मंत्री के साथ भिड़ जाता है। हालांकि इसके बाद उनके गार्ड ने युवक को दूर हटाया।
AAP का आरोप है कि सड़क बनाने में हुए भ्रष्टाचार को लेकर कुछ लोग उनसे सवााल कर रहे थे। इस बीच उन्होंने वहां खड़े एक युवक को थप्पड़ मार दिया। आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया एक्स पर दो वीडियो शेयर कर दिल्ली की रेखा गुप्तास सरकार और PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर निशाना साधा।
आप ने पहले वीडियो को शेयर करते हुए लिखा- बीजेपी सरकार का मंत्री है या कोई गुंडा दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा की सड़क का भ्रष्टाचार क्या उजागर हुआ, वो युवाओं को सरेआम थप्पड़ मारकर गुंडागर्दी पर उतर आए। वहीं दूसरे वीडियो के साथ लिखा- देखिए, जब PWD मंत्री प्रवेश वर्मा का सड़क घोटाला स्थानीय जनता ने कैमरे पर एक्सपोज़ कर दिया तो बौखलाहट में मंत्री जी ने एक स्थानीय युवा को ही थप्पड़ जड़ दिया। लगता है इन भाजपाई गुंडों को Genz की ताक़त का अभी तक एहसास नहीं हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली दिल्ली के तिलक नगर इलाके में मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय विधायक जरनैल सिंह भी अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए। विधायक ने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मानकों पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए। सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा और स्थानीय विधायक जरनैल सिंह के बीच विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई।
इसी दौरान विधायक और उनके साथ के लोगों ने हाथ से सड़क की परत उठाकर मंत्री को दिखाया। देखते ही देखते दोनों नेताओं और उनके समर्थकों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। इस पूरी घटना और बहस का वीडियो एक युवक कैद कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर प्रवेश वर्मा ने कथित तौर पर उस युवक को थप्पड़ जड़ दिया। घटना के बाद से आम आदमी पार्टी (आप) हमलावर हो गई और पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने जा पहुंचीं।


