कंपिल, फर्रुखाबाद । क्षेत्र में पिछले 65 घंटे से अधिक समय से लगातार और रुक-रुककर हो रही तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। बारिश का असर अब सरकारी भवनों पर भी दिखाई देने लगा है। रविवार को राईपुर चिनघटपुर स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा की छत से पानी टपकने लगा, जिससे बैंक परिसर में पानी भर गया।
अगले तीन दिनों तक प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर रविवार को बैंक खुला था। कर्मचारियों के बैंक पहुंचने पर छत से पानी टपकता मिला। पानी बैंक परिसर में रखे कंप्यूटर और अन्य उपकरणों के आसपास पहुंच गया। स्थिति को देखते हुए कर्मचारियों ने सावधानी बरतते हुए उपकरणों को ढक दिया और उन्हें सुरक्षित किया।
हालांकि कर्मचारियों ने बैंक का कामकाज जारी रखने का प्रयास किया। समय रहते बरती गई सावधानी से उपकरणों को नुकसान से बचाया जा सका।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक राईपुर चिनघटपुर शाखा के शाखा प्रबंधक अखिलेश चौहान ने बताया कि लगातार बारिश के कारण बैंक की छत से पानी टपक रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक में रखे कंप्यूटर एवं अन्य उपकरण नहीं भीगे हैं और सभी उपकरण सुरक्षित हैं।
लगातार बारिश के बीच सरकारी भवनों की स्थिति ने उनकी रखरखाव व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान भवनों की जर्जर छतों और जलनिकासी व्यवस्था की जांच कराया जाना जरूरी है।


