– उप कृषि निदेशक ने किसानों से की अपील
– टोल फ्री नंबर 14447 पर दे सकते हैं सूचना
फर्रुखाबाद। जिले में हाल के दिनों में हुई अत्यधिक वर्षा और जलभराव से फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत तत्काल सूचना दर्ज कराने की सलाह दी है। उप कृषि निदेशक, फर्रुखाबाद की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिन किसानों की फसल का बीमा हुआ है, वे नुकसान की सूचना निर्धारित समय के भीतर दर्ज कराएं।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के नियमों के अनुसार प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी अथवा संबंधित विभाग को सूचना देना जरूरी है। इसके लिए किसान राष्ट्रीय कृषि रथ हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं।
कृषि विभाग के अनुसार किसान फसल नुकसान की सूचना इन माध्यमों से दे सकते हैं,प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के आधिकारिक पोर्टल पर सूचना दर्ज कराएं।
टोल फ्री नंबर 14447 पर फोन कर फसल नुकसान की जानकारी दें। संबंधित क्षेत्र के लेखपाल अथवा कृषि विभाग के मैदानी कर्मचारियों को लिखित सूचना दें।संबंधित बीमा कंपनी के प्रतिनिधि को भी तत्काल सूचना दी जा सकती है।
किसान की ओर से नुकसान की सूचना दर्ज कराए जाने के बाद राजस्व विभाग, कृषि विभाग और संबंधित बीमा कंपनी की संयुक्त टीम खेतों का सर्वे करेगी। सर्वेक्षण में सामने आए वास्तविक नुकसान के आधार पर पात्र किसानों को बीमा नियमों के अनुसार क्षतिपूर्ति दी जाएगी।
लगातार बारिश और तेज हवाओं से फर्रुखाबाद में धान की खड़ी फसल गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। कायमगंज क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से अगैती धान की फसल खेतों में गिर गई।
फसल खराब होने के बाद 72 घंटे की समयसीमा का विशेष ध्यान रखें। सूचना दर्ज कराते समय किसान अपनी फसल, खेत और नुकसान से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध रखें, ताकि सर्वेक्षण और दावा प्रक्रिया में परेशानी न हो।
प्रदेश में लगातार बारिश के बीच फसल नुकसान की शिकायतों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ा है। सितंबर के मध्य तक उत्तर प्रदेश में अतिवृष्टि और बाढ़ से फसल नुकसान के लिए 3,61,120 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें 3,04,028 आवेदक पात्र पाए गए थे।


