मो० अमान खान
कायमगंज/फर्रुखाबाद
लगातार हो रही तेज बारिश के चलते जहां आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है, वहीं शनिवार सुबह विद्युत उपकेंद्र रूटोल से संचालित बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। बताया गया कि सुबह करीब छह बजे 33 केवी यार्ड में सीटी (करंट ट्रांसफॉर्मर) डैमेज हो गई, जिसके चलते क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खराबी को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने के प्रयास में जुट गई। कई घंटे बीतने के बाद भी बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। लगातार बिजली गुल रहने से घरों में लगे इन्वर्टर भी डाउन हो गए, जिससे लोगों को मोबाइल चार्ज करने से लेकर रोजमर्रा के जरूरी कामों में परेशानी का सामना करना पड़ा।
विद्युत आपूर्ति बाधित होने का असर कायमगंज नगर सहित आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों और मोहल्लों में देखने को मिला। कायमगंज नगर, नई बस्ती, गंगा दरवाजा, हमीरपुर, लालबाग, चौक, पहाड़ी, बड़ा बाजार, गौटोला, जाजियान, मऊ राशिदाबाद, कटरा रहमत खां, कालाखेल, कुबेरपुर, गढ़ी समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बारिश के बीच लंबे समय तक बिजली न आने से लोगों में विभाग को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। वहीं विद्युत विभाग की टीम खराबी को ठीक करने में जुटी रही, ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जा सके।
इस संबंध में विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) जावेद अहमद खां ने बताया कि सुबह करीब छह बजे 33 केवी यार्ड में सीटी डैमेज होने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। विभागीय टीम लगातार मौके पर कार्य कर रही है और खराबी को दूर कर बिजली आपूर्ति सुचारु कराने का प्रयास किया जा रहा है।


