कायमगंज/फर्रुखाबाद
नगर कायमगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में आम दिनों में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। प्रतिदिन करीब 400 से अधिक मरीज इलाज और चिकित्सकीय परामर्श के लिए अस्पताल पहुंचते हैं। लेकिन शनिवार को तेज हवाओं और लगातार हो रही बारिश के साथ जगह-जगह जलभराव का असर अस्पताल में भी देखने को मिला।
बारिश और खराब मौसम के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आम दिनों की अपेक्षा मरीजों की संख्या बेहद कम रही। अस्पताल परिसर और ओपीडी में जहां सामान्य दिनों में मरीजों की भीड़ रहती है, वहीं शनिवार को पूरे अस्पताल में सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहे, लेकिन मरीजों की संख्या काफी कम रही।
इस संबंध में जब चिकित्सक डॉ. विपिन सिंह से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन 400 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। लेकिन शनिवार को तेज बारिश और जगह-जगह जलभराव के कारण केवल 12 मरीज ही इलाज के लिए सीएचसी पहुंचे।
चिकित्सक के अनुसार, खराब मौसम और आवागमन में परेशानी के चलते मरीजों की संख्या में अचानक भारी गिरावट आई। अस्पताल में चिकित्सक मौजूद रहे और पहुंचे हुए मरीजों का उपचार किया गया।


