कायमगंजफर्रुखाबाद
नगर में शनिवार को हुई तेज बारिश ने एक बार फिर नगर पालिका की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद नगर के कई प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह जलभराव हो गया, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर के मुख्य मार्गों के अलावा कोतवाली कायमगंज, नोनियामगंज, बजरिया से जामा मस्जिद जाने वाले मार्ग तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाले रास्ते पर भी बारिश का पानी जमा दिखाई दिया। कई स्थानों पर सड़क पर काफी देर तक पानी भरा रहने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या नगर में कोई नई बात नहीं है। इससे पूर्व भी कई बार बारिश होने पर नगर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती रही है। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर समय रहते ठोस इंतजाम नहीं किए गए।
नालियों में जमा कूड़ा भी बना परेशानी का कारण
नगर के कई इलाकों में नालियों में कूड़ा-कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित होती नजर आई। बारिश का पानी नालियों में जाने के बजाय सड़कों पर जमा होता रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया जाता तो जलभराव की स्थिति को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने से पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि हर बारिश में सामने आने वाली समस्या के बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
अब सवाल यह है कि हर बार बारिश के बाद जलभराव की समस्या सामने आने के बावजूद नगर पालिका इससे कब सबक लेगी और नगरवासियों को जलभराव से स्थायी राहत कब मिलेगी।


