फतेहपुर: फतेहपुर (Fatehpur) जिले में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश (Torrential rains) ने भारी तबाही मचाई है। बारिश के चलते जिले भर में 72 कच्चे मकान ढह गए हैं, जिससे गरीबों और जरूरतमंदों के सिर से छत छिन गई है। इस बीच खागा तहसील क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मकान का मलबा गिरने से 8 वर्षीय एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
बता दें कि हादसा खागा तहसील के गोपालपुर गांव में भोर में करीब 5 बजे हुआ। लगातार बारिश के कारण अचानक एक कच्चा मकान भरभरा कर ढ़ह गया। इस हादसे के वक्त परिवार के लोग सो रहे थे। मलबे के नीचे दबने से 8 वर्षीय आनंद सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका 11 वर्षीय भाई गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
लगातार हो रही बारिश के कारण फतेहपुर की सदर और खागा तहसीलों में कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है। कई जगहों पर गृहस्थी का सामान भी मलबे में दबकर नष्ट हो गया है। हथगांव ब्लॉक के भानूपुर गांव में कच्चा मकान गिरने से घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दब गया। वहीं मलूकबारी गांव में रंजीत सिंह का कच्चा मकान भी बारिश की भेंट चढ़ गया।
विजयपुर ब्लॉक के गाजीपुर में चुन्नीलाल का मकान ढह गया, जिससे भारी नुकसान हुआ है। असोथर ब्लॉक के मैकुवापुर गांव में मानसिंह निषाद का कच्चा घर ढहने से परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। हुसैनगंज ब्लॉक के बड़े गांव में विकास कुमार का मकान भी बारिश के चलते जमींदोज हो गया। बहुआ ब्लॉक के शाह गांव में राज सिंह गौर का मकान ढहने की घटना सामने आई, गनीमत रही कि इस हादसे में दंपती बाल-बाल बच गए।
पिछले दो दिनों से हो रही अनवरत बारिश के कारण कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों में भारी दहशत का माहौल है। लोग किसी तरह सुरक्षित स्थानों की तलाश कर अपने परिवार की जान बचाने को मजबूर हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया है। इस संबंध में एडीएम विनय कुमार पाण्डेय ने स्थिति का जायजा लेते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद और राहत पहुंचाने का आश्वासन दिया है। प्रशासनिक टीमें नुकसान का आंकलन करने में जुटी हुई हैं।


