अयोध्या: अयोध्या जिले में पिछले कई घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश और तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसी बीच प्रयागराज हाइवे (Prayagraj Highway) पर थाना पूराकलंदर क्षेत्र के मसौधा बाजार में एक बड़ा हादसा हो गया। तेज हवाओं के चलते सड़क किनारे लगा भारी-भरकम बरगद का पेड़ (Banyan tree) अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में एक कार आ गई। कार पेड़ के नीचे पूरी तरह दब गई। घटना में एक किशोर की मौत हो गई. वहीं एक गंंभीर रूप से घायल हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, घायल किशोर के बड़े भाई पंकज शुक्ला कार से मसौधा बाजार सामान खरीदने गए थे। दोनों किशोर भी उनके साथ थे. पंकज कार से उतरकर बाजार में सामान ले रहे थे, तभी तेज आंधी-तूफान के बीच विशाल बरगद का पेड़ सीधे कार पर आ गिरा। पंकज कार से बाहर थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शी दुकानदार अनमोल गुप्ता ने बताया, “गाड़ी में तीन लोग आए थे. जो गाड़ी चला रहा था, वह सामान लेने चले गए. पीछे बैठा एक लड़का आगे ड्राइवर सीट पर आकर बैठ गया, आगे दो लोग बैठे थे। अचानक धीरे-धीरे पेड़ गिर गया। हादसे में एक लड़के की मौत हो गई है। दूसरा घायल है, जिसे अस्पताल भेजा गया है। ये लोग शिवदासपुर शुक्ल गांव के हैं।
हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से कार में दबे किशोरों को बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के चलते प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और पेड़ों के नीचे वाहन खड़ा न करें।


