– अमृतपुर के नगला दुर्ग में एसडीएम ने राजस्व टीम के साथ किया स्थलीय निरीक्षण
– लापरवाही पर लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई
अमृतपुर, फर्रुखाबाद। तहसील अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम नगला दुर्ग, परगना परमनगर में गंगा नदी के कटान से छह मकानों के क्षतिग्रस्त होने और निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र के ढहने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान की सूचना पर उप जिलाधिकारी अमृतपुर ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गंगा नदी के कटान की वजह से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र सहित कुछ पक्के और कच्चे मकान ढह गए हैं। राजस्व टीम की जांच में कुल छह मकानों के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि हुई, इनमें चार पक्के और दो कच्चे मकान शामिल हैं। इसकी पुष्टि संबंधित ग्राम के प्रगणक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा भी की गई।
जांच में सामने आया कि क्षतिग्रस्त मकानों में से दो मकान काफी समय से खाली थे। अन्य प्रभावित परिवार वर्तमान में ग्राम सलेमपुर और फतेहगढ़ में निवास कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार बाढ़ की आशंका को देखते हुए संबंधित लोग गंगा के बहाव क्षेत्र में स्थित अपने मकानों को पहले ही खाली कर चुके थे।
ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के खतरे को देखते हुए लोग बाढ़ आने से पहले मकान छोड़कर चले गए थे। गंगा के बहाव क्षेत्र में होने के कारण गांव के अन्य लोग भी उस स्थान पर नहीं जा रहे थे। इसी वजह से मकान कब ढहे, इसकी तत्काल जानकारी ग्रामीणों को नहीं हो सकी। गंगा का जलस्तर घटने के बाद घटना का पता चला।
प्रशासन की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मामले की नियमानुसार जांच और कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा समय से सूचना न देने तथा अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई संस्थित की गई है।
प्रशासन ने घटना की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


