कायमगंज। तहसील परिसर में रखे पौधों की देखरेख न होने से वह सूखकर खराब हो रहे हैं। मुख्य गेट के अंदर स्थित बंद नायब तहसीलदार के चैंबर में रखे हरे-भरे पौधे पानी और देखभाल के अभाव में सूख रहे हैं। इसके बावजूद तहसील परिसर में रोजाना अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही के बीच किसी जिम्मेदार अधिकारी का इस ओर ध्यान नहीं गया।
बताया गया है कि उक्त पौधे वृक्षारोपण महाअभियान के तहत मंगाए गए थे। पौधों को सुरक्षित रखने के बजाय उन्हें बंद चैंबर में रख दिया गया। लंबे समय से चैंबर बंद होने के कारण पौधों को पानी नहीं मिल सका और उनकी स्थिति लगातार खराब होती चली गई।
तहसील परिसर में प्रतिदिन अधिकारियों के साथ ही फरियादियों और कर्मचारियों का आना-जाना रहता है। इसके बावजूद बंद चैंबर में सूख रहे पौधों की ओर किसी का ध्यान न जाना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। एक ओर शासन स्तर से पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी परिसर में लगाए जाने के लिए मंगाए गए पौधे देखरेख के अभाव में सूख रहे हैं।
मामले को लेकर लोगों का कहना है कि पौधों की समय से देखभाल की जाती तो उन्हें सूखने से बचाया जा सकता था। अब देखना यह है कि मामला सामने आने के बाद तहसील प्रशासन इस लापरवाही का संज्ञान लेता है या नहीं और पौधों की देखरेख के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
बंद चैंबर में सूख रहे पौधे, तहसील परिसर में जिम्मेदारों की अनदेखी


