बरला
गांव परौरा में सोमवार शाम घर लीपने के लिए पीली मिट्टी लेने गए बच्चों पर अचानक मिट्टी की ढाय गिर गई। हादसे में 8 वर्षीय कौशल और 13 वर्षीय काजल मिट्टी में दब गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव से करीब 500 मीटर दूर ग्राम समाज की जमीन पर 14 बच्चे मिट्टी खोदने गए थे। सभी अलग-अलग गड्ढों से पीली मिट्टी निकाल रहे थे। कौशल और काजल एक गहरे गड्ढे में मिट्टी खोद रहे थे, तभी अचानक ढाय भरभराकर दोनों के ऊपर गिर गई। बच्चों ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।
ग्रामीणों ने दोनों को मिट्टी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक कौशल की मौत हो चुकी थी। गंभीर हालत में काजल को छर्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे अलीगढ़ रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। कौशल पांचवीं और काजल नौवीं कक्षा की छात्रा थी। दोनों के परिवार में बच्चों की मौत से कोहराम मच गया।
सीओ संजय कुमार त्यागी ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं। वहीं तहसीलदार सतीश चंद ने बताया कि राजस्व टीम से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर दैवीय आपदा के तहत आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया नियमानुसार शुरू की जाएगी।


