कमालगंज, फर्रुखाबाद संवाददाता।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड आगरा के अंतर्गत आने कमालगंज पावर सब स्टेशन की बिजली शुक्रवार लगभग सुबह 10 बजे से ठप है। फतेहगढ़ से कमालगंज आने वाली 33 केवी मुख्य लाइन में फॉल्ट के कारण देर शाम तक करीब 10 घंटे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
इस फॉल्ट से कस्बा सहित लगभग 350 गांव प्रभावित हैं। दिन में ही बिजली गुल होने से व्यापारियों के उद्योग-धंधे चौपट हो गए, वहीं भीषण उमस भरी गर्मी में आम आदमी बेहाल रहा। कोल्ड स्टोरेज में रखे आलू का तापमान मेंटेन करने में किसानों को जनरेटरों के सहारे मशक्कत करनी पड़ी।
सुबह 10 बजे से देर शाम तक करीब 10 घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा है कि क्या इतने लंबे समय तक फॉल्ट ठीक न हो पाना कहीं न कहीं विभागीय स्तर पर लापरवाही या धीमी कार्यप्रणाली का नतीजा तो नहीं है? हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि फतेहगढ़ क्षेत्र में फॉल्ट ढूंढने में समय लग रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वैसे भी पिछले कई दिनों से ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे में महज 8 से 12 घंटे ही आपूर्ति मिल पा रही है।
फिलहाल विभाग जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दे रहा है।


