कमालगंज, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र कमालगंज के ग्राम सभा की गिहार बस्ती में स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का आज सनातन परंपरा के अनुरूप श्रृंगी रामपुर गंगा घाट पर विधि-विधान से विसर्जन किया गया।
बस्ती के लोगों ने पूरे श्रद्धा भाव से बप्पा की सेवा और पूजा अर्चना की थी। आज सुबह से ही बस्ती में विसर्जन की तैयारियां शुरू हो गईं थीं। महिलाओं ने बप्पा को हल्दी-कुमकुम लगाकर, मोदक का भोग लगाकर विदाई दी। इसके बाद गिहार बस्ती से विसर्जन यात्रा ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर गाजे-बाजे के साथ निकली।
जैसा कि तस्वीरों में देखा जा सकता है, ट्राली पर भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा विराजमान थी, जिसके चारों ओर बस्ती के छोटे-छोटे बच्चे बैठे हुए थे। यात्रा में बस्ती की महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ढोल-नगाड़े और “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से पूरी बस्ती गूंज उठी।
बस्ती के लोगों ने बताया कि हर साल सनातन धर्म की परंपरा का पालन करते हुए वे इसी प्रकार श्रृंगीरामपुर घाट पर ही विसर्जन करने जाते हैं। उनका मानना है कि गंगा मैया में विसर्जन करने से बप्पा की कृपा बनी रहती है।
घाट पर पहुंचकर पंडित जी द्वारा मंत्रोच्चार के साथ आरती की गई और फिर नम आंखों से बप्पा को गंगा में विसर्जित किया गया।


