28 C
Lucknow
Thursday, September 17, 2026

सेवा संकल्प अभियान में दिनभर हुए विविध कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान से रक्तदान, दिव्यांगों को उपकरण

Must read

– स्वच्छता अभियान से रक्तदान, दिव्यांगों को उपकरण
– कारीगरों को टूलकिट और दीपोत्सव तक आयोजन

फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा शासन के निर्देश पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ विभिन्न कार्यक्रमों के साथ हुआ। सांसद मुकेश राजपूत और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने सहभागिता की।

अभियान के तहत जिले में सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि तथा भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा मौजूद रहे।

सुबह 7 बजे पांचाल घाट एवं स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने स्वयं सफाई अभियान में प्रतिभाग कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। अधिकारियों ने नागरिकों से अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई रखने की अपील की।

पूर्वाह्न 11 बजे डॉ. राममनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय में वृहद रक्तदान शिविर एवं मरीजों को फल-मिष्ठान वितरण कार्यक्रम हुआ। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पूरे माह विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और उनकी जानकारी आमजन को समय से दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर में एकत्र रक्त इकाइयों का उपयोग जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान प्रसूताओं के उपचार के लिए रक्त की आवश्यकता पूरी करने में किया जाएगा। सांसद मुकेश राजपूत ने लोगों से रक्तदान करने की अपील की। जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी रक्तदान शिविर में सहभागिता की। इसके बाद अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों को फल एवं मिष्ठान वितरित किया गया।

अपराह्न 1 बजे राजकीय संकेत विद्यालय, फतेहगढ़ में निःशुल्क दिव्यांग सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। एलिम्को के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में 273 दिव्यांग लाभार्थियों को करीब 58 लाख रुपये की लागत के 537 सहायक यंत्र एवं उपकरण वितरित किए गए।

इनमें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, वाकिंग स्टिक, कान की मशीन, रोलेटर, सुगम्य केन, फोल्डर वॉकर, सिलिकॉन कुशन, कृत्रिम अंग एवं कैलीपर, टीएलएम किट और कमोड कुर्सी सहित अन्य उपकरण शामिल रहे।

एलिम्को के सहायक प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि एलिम्को भारत सरकार का मिनी रत्न उपक्रम है और दिव्यांगजनों के पुनर्वास साधनों एवं कृत्रिम अंगों के निर्माण तथा आपूर्ति के क्षेत्र में कार्य करता है।

अपराह्न 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के पोर्टल शुभारंभ, टूलकिट एवं ऋण स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में युवाओं, कारीगरों एवं उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ने तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की जानकारी दी गई।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना में 25 ट्रेड शामिल हैं। इनमें बढ़ई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, नाई, राजमिस्त्री, सुनार, हलवाई और मोची जैसे पारंपरिक ट्रेड के साथ मोबाइल रिपेयर, ऑटोमोबाइल रिपेयर, इलेक्ट्रिकल-इलेक्ट्रॉनिक रिपेयर, प्लंबर, कंप्यूटर रिपेयर, सोलर इंस्टॉलेशन और डिजिटल फोटोग्राफी जैसे आधुनिक ट्रेड भी शामिल हैं।

योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को अधिकतम 15 हजार रुपये तक की उन्नत टूलकिट उपलब्ध कराने तथा अधिकतम 10 दिन का निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण देने का प्रावधान बताया गया। प्रशिक्षण में नई तकनीक, उत्पाद विकास, डिजाइन और विपणन की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के पांच लाभार्थियों को चेक तथा 13 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शाम 6:30 बजे पांचाल घाट पर गंगा आरती के साथ दीपोत्सव आयोजित किया गया। घाट पर 5 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। इसके बाद स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में 21 हजार दीप प्रज्वलित किए गए।
शाम 7 बजे जिले के सरकारी कार्यालयों, भवनों, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और सामुदायिक केंद्रों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार, प्रशासन एवं पार्टी प्रतिनिधियों के समन्वय से जिले में एक ही दिन में करीब 2 लाख 50 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। कार्यक्रमों में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं पार्टी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article