ससुर को ले जाने का विरोध करने पर दंपती से मारपीट, झगड़ा छुड़ाने पहुंचे युवक को पीटा
नवाबगंज, फर्रुखाबाद। थाना नवाबगंज क्षेत्र में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर विवाद के बाद मारपीट की घटनाएं सामने आईं। तीन मामलों में पीड़ितों ने देर रात पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।
ससुर को जबरन ले जाने का विरोध करने पर दंपती से मारपीट
थाना क्षेत्र के मानपुर सिरौली गांव निवासी सीमा पत्नी रामकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके ससुर वेदराम काफी बुजुर्ग हैं और कई वर्षों से उनके घर पर रह रहे हैं। बुधवार रात करीब आठ बजे सीमा के जेठ अपने कुछ साथियों के साथ घर पहुंचे और वेदराम को जबरन अपने साथ ले जाने लगे।
सीमा और उनके पति रामकुमार ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इस पर जेठ और उनके साथियों ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की गई, जिसमें सीमा और रामकुमार चोटिल हो गए। देर रात सीमा ने थाने पहुंचकर तहरीर दी।
झगड़ा छुड़ाने पहुंचे युवक को घर पर पीटा
सिरौली गांव निवासी शैलेश कुमार के अनुसार बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे गांव में पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया था। शैलेश विवाद शांत कराने पहुंचे और दोनों पक्षों को अपने-अपने घर भेज दिया। इसके बाद वह भी घर लौट आए।
आरोप है कि कुछ देर बाद गांव के ही कुछ युवक उनके घर पहुंचे और गालीगलौज करने लगे। शैलेश ने विरोध किया तो युवकों ने लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से उनकी पिटाई कर दी। मारपीट में शैलेश घायल हो गए। आरोपित युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। शैलेश ने देर रात थाने पहुंचकर नामजद तहरीर दी। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।
150 रुपये के विवाद में दुकान में तोड़फोड़ का आरोप
थाना क्षेत्र के कलौली महबुल्लापुर निवासी अवनीश कुमार गांव में छोटी दुकान चलाते हैं। उनके अनुसार गांव के ही एक युवक पर दुकान के 150 रुपये बकाया थे। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अवनीश ने युवक से बकाया रकम मांगी। आरोप है कि युवक ने गालीगलौज करते हुए 150 रुपये दे दिए।
अवनीश का आरोप है कि शाम करीब छह बजे वही युवक शराब के नशे में दुकान पर पहुंचा और दोबारा गालीगलौज करने लगा। इसके बाद दुकान में रखा सामान फेंककर तोड़फोड़ की तथा उनके साथ मारपीट की। अवनीश के मुताबिक घटना में करीब 5 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने रात में थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


