28 C
Lucknow
Thursday, September 17, 2026

डीएम ने सीएमओ के साथ लोहिया अस्पताल का किया गहन निरीक्षण

Must read

 

– मरीजों से उपचार का लिया फीडबैक
– ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता और स्टाफ की उपस्थिति परखी

फर्रुखाबाद। सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के साथ डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय का गहन निरीक्षण किया। डीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों से लेकर ब्लड बैंक तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने मरीजों एवं तीमारदारों से उपचार, दवाओं, जांच तथा अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों से सीधे फीडबैक लेते हुए उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल स्थित ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति एवं अटेंडेंस की जांच की तथा रक्त की उपलब्धता और रक्त यूनिटों के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्था को परखा। जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के संबंध में भी संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली।
डीएम ने विशेष रूप से एनीमिया से पीड़ित मरीजों के उपचार में रक्त के उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पूछा कि रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों को नियमानुसार किस प्रकार रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है और ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त का जरूरत के अनुसार उपयोग कैसे सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने रक्त की उपलब्धता एवं समुचित उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्लड बैंक में स्टाफ की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों की भी जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के संबंध में जिलाधिकारी ने सीएमओ को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में चिकित्सकों और कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए, जिससे मरीजों को उपचार के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का क्रमवार निरीक्षण करते हुए भर्ती मरीजों की स्थिति, बेड व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सकीय सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के उपचार के संबंध में जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय से उपचार, आवश्यक जांच, दवा एवं जरूरत के अनुसार अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने जिलाधिकारी को अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं, मरीजों के उपचार और ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी। सीएमएस पुरुष डॉ. जगमोहन शर्मा सहित संबंधित चिकित्सक एवं कर्मचारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए मरीजों की सुविधा के अनुरूप आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप अस्पताल की व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article