29 C
Lucknow
Wednesday, September 16, 2026

योगी का बड़ा ऐलान: छह माह में एक लाख सरकारी नौकरियां

Must read

 

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले अगले छह माह में प्रदेश के एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का काम किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 19 सितंबर से होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों में भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर सरकार का विशेष जोर है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश में करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। योगी ने पिछली सरकारों की भर्ती व्यवस्था पर निशाना साधते हुए वसूली और सौदेबाजी के आरोप लगाए और कहा कि पहले युवाओं को नौकरी के लिए भटकना पड़ता था।

गोरखपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने तारामंडल स्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का लोकार्पण भी किया। केंद्र की क्षमता 400 यूनिट रक्त संग्रह की है। मुख्यमंत्री ने स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने पेशेवर रक्तदाताओं से संक्रमण के खतरे को लेकर भी लोगों को सतर्क किया।

योगी ने प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि जिला अस्पतालों में डायलिसिस की सुविधा बढ़ाई गई है। मेडिकल कॉलेजों और एमबीबीएस सीटों में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को सरकार की प्राथमिकताओं में बताया।

कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब अपराध और अराजकता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो रही है। उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस की स्थिति का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार के प्रयासों से बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के साथ सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने जंगल नकहा नंबर-दो स्थित करीब 3.09 करोड़ रुपये की लागत से बने कल्याण मंडपम का भी लोकार्पण किया। दो मंजिला मंडपम में आयोजन हॉल, रसोई, स्टोर, कार्यालय, चेंज रूम, शौचालय, पार्किंग और लॉन जैसी सुविधाएं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे जनोपयोगी निर्माण से आम लोगों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article