29 C
Lucknow
Wednesday, September 16, 2026

शराब से भरा कंटेनर पकड़ा गया, 23 लाख की 436 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद

Must read

सोनीपत: सोनीपत (Sonipat) के राई इलाके में सेल टैक्स और आबकारी विभाग (Excise Department) की संयुक्त कार्रवाई में शराब तस्करी का मामला सामने आया है। टीम ने दुहन यार्ड पार्किंग के पास एक बंद बॉडी कंटेनर से करीब 23 लाख 19 हजार रुपये कीमत की 436 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। खास बात यह है कि कंटेनर के टैक्स इनवॉइस में शराब की जगह हीट डिटेक्टर, रेगुलेटर, गैस डबल ऑक्सीजन और CO2 बोतल समेत अन्य सामान दर्ज था।

जानकारी के मुताबिक, 15 सितंबर को इंफोर्समेंट पानीपत के AETO अनुभव पुनिया ने कंटेनर नंबर NL01AL1018 को जांच के लिए रोका था। चालक रहीश ने टीम को टैक्स इनवॉइस दिखाया। दस्तावेजों में शराब का कोई उल्लेख नहीं था। कंटेनर को दुहन यार्ड पार्किंग की ओर ले जाते समय चालक ने कथित तौर पर खुद कंटेनर में शराब होने की जानकारी दी। इसके बाद आबकारी विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। कंटेनर की बंद बॉडी खुलवाकर तलाशी ली गई तो अंदर लकड़ी के बॉक्स में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब मिली।

आबकारी विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल 436 पेटी शराब बरामद हुई। इनमें 216 पेटी बोतल, 85 पेटी अध्धा और 135 पेटी पव्वा शामिल हैं। बरामद शराब में Royal Stag, Imperial Blue, Royal Challenge और Blender’s Pride जैसे ब्रांड बताए गए हैं। इसके अलावा Red Label की 5 पेटी और Double Black की 1 पेटी भी बरामद हुई। विभाग के मुताबिक विदेशी शराब की इन बोतलों पर होलोग्राम नहीं मिला।

शराब बरामद होने के बाद आबकारी विभाग की टीम ने चालक से शराब से संबंधित पास और परमिट मांगे। शिकायत के मुताबिक चालक इनसे संबंधित कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में अलग-अलग प्रकार की शराब के 11 सैंपल लिए गए। सैंपलों के बैच नंबर और जहां उपलब्ध थे, वहां होलोग्राम नंबर भी कार्रवाई में दर्ज किए गए।

कार्रवाई के दौरान सेल टैक्स और इंफोर्समेंट विभाग की ओर से कंटेनर का चालान, टैक्स इनवॉइस समेत कुल 9 पेज के दस्तावेज पुलिस को सौंपे गए हैं। टैक्स इनवॉइस में दिल्ली की Crystal Enterprises फर्म का नाम दर्ज बताया गया है। आबकारी विभाग ने बरामद शराब, सैंपल, कंटेनर और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया है।

मौके पर बरामद शराब और कंटेनर की फोटो व वीडियो भी कराई गई हैं। बरामद शराब की कुल कीमत करीब 23 लाख 19 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article